पश्चिमांचल विद्युत निगम की कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारी तेज
22 जुलाई तक पूरे होने चाहिए सभी सुरक्षा कार्य - प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता
मेरठ, 15 जुलाई। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने मंगलवार को मेरठ से मुजफ्फरनगर, सहारनपुर होते हुए उत्तराखंड बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले विद्युत तंत्र, पोल, लाइन और उपकेंद्रों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 22 जुलाई तक कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी विद्युत पोलों की 8 फीट तक पॉलीथीन/पीवीसी कवर से रैपिंग, ट्रांसफार्मरों की बैरिकेडिंग, लाइनों की गार्डिंग और मानकों के अनुसार दुरुस्तीकरण हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए।
सहारनपुर में प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी उपकेंद्र शाकुंभरी का निरीक्षण कर यार्ड मेंटीनेंस, प्रोटेक्शन सिस्टम, अर्थिंग और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की। उन्होंने सभी उपकेंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पोल टू पोल चेकिंग कर करंट लीकेज की संभावना समाप्त की जाए, लाइनों के निकट पेड़ों की कटाई-छंटाई समय से पूरी की जाए और नियमित सेफ्टी ड्रिल आयोजित की जाए।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सुरक्षा उपकरणों का उपयोग न करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment