अवैध संबंधों और ₹20 लाख के बीमे के लिए पति की हत्या; पत्नी, प्रेमी व दो सपेरे गिरफ्तार
नींद की गोलियां देकर सांप से डसवाया; प्राकृतिक मौत दिखाने की रची थी शातिराना साजिश
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जे. ब्लॉक कॉलोनी में एक पत्नी ने अपने अवैध संबंधों और पति की ₹20 लाख के जीवन बीमे की रकम हड़पने के लिए अपने प्रेमी और दो सपेरों के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची। आरोपियों ने पहले तो स्कूल संचालक पति को दूध में नींद की गोलियों का ओवरडोज दिया और फिर गहरी नींद में सोते समय जहरीले सांप से डसवाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
हस्तिनापुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी (स्कूल वैन चालक
पहले कार से कुचलने की हुई थी कोशिश
पुलिस पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि प्रेमी जोड़े ने करीब 20 दिन पहले भी मृतक अतुल कुमार पंवार (32 वर्ष) को कार से कुचलकर मारने का प्रयास किया था। उस वक्त अतुल कार की टक्कर से मामूली रूप से घायल होकर बच गए थे। जब अतुल ने इसकी शिकायत थाने में करने की बात कही, तो पत्नी दामिनी (30 वर्ष) ने उन्हें बहला-फुसलाकर शांत कर दिया था। इस नाकाम कोशिश के बाद हत्या के लिए नया तरीका खोजा गया।
₹15 हजार की सुपारी और सांप का जाल
वैन चालक प्रेमी तुषार ने इस काम के लिए अपने सपेरे दोस्तों—सोनू और उदय कुमार—से संपर्क साधा। आरोपियों ने सपेरों को अतुल की हत्या के लिए ₹15,000 नकद दिए और बीमे की राशि मिलने के बाद ₹5 लाख अतिरिक्त देने का वादा किया। साजिश के तहत बृहस्पतिवार की रात दामिनी ने दूध में नींद की गोलियां मिलाकर अतुल को पिला दीं।
जब अतुल गहरी नींद में सो गए, तो रात करीब 2 बजे दामिनी ने प्रेमी तुषार और सपेरों को घर के अंदर बुला लिया। सपेरों ने जहरीले सांप से अतुल के हाथ और पैर पर कई जगह डसवाया और सांप को बिस्तर पर ही छोड़ दिया ताकि पूरी घटना प्राकृतिक लगे।
सुबह रचा हादसे का नाटक, मोबाइल चैट ने खोला राज
शुक्रवार सुबह दामिनी ने खुद को बचाने के लिए रोने-बिलखने का नाटक शुरू कर दिया और पड़ोसियों को बताया कि बेड पर सांप रेंग रहा था और अतुल अचेत पड़े हैं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शव को जब पैतृक गांव भंडोरा ले जाया गया, तो ग्रामीणों को शरीर पर सांप के काटने के स्पष्ट निशान न दिखने से संदेह हुआ, जिसके बाद पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जब फोरेंसिक और पुलिस टीम ने जांच शुरू की, तो दामिनी के मोबाइल से वैन चालक तुषार के साथ लंबी बातचीत की कॉल डिटेल मिली। तुषार को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने तुषार के व्हाट्सऐप से सपेरे के साथ की गई चैट और जहरीले सांप की तस्वीरें भी बरामद की हैं। पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।


No comments:
Post a Comment