कैशफ्री पेमेंट्स का कारोबारियों को बड़ा तोहफा, 20 लाख रुपये तक जीएमवी पर पेमेंट गेटवे फीस शून्य

31 मार्च 2027 तक साइन-अप करने वाले नए कारोबारियों को मिलेगा ऑफर, तेज ऑनबोर्डिंग और अगले दिन पेमेंट सेटलमेंट की भी सुविधा

नोएडा। भारत की अग्रणी एआई-नेटिव पेमेंट्स कंपनी कैशफ्री पेमेंट्स ने नए कारोबारियों के लिए पेमेंट गेटवे फीस में बड़ी छूट की घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, 31 मार्च 2027 तक उसके प्लेटफॉर्म पर साइन-अप करने वाले नए कारोबारियों को पहले 20 लाख रुपये के ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (जीएमवी) पर शून्य फीसदी पेमेंट गेटवे फीस का लाभ मिलेगा। यह ऑफर खासतौर पर शुरुआती चरण के कारोबारियों और तेजी से बढ़ रहे उन विक्रेताओं के लिए है, जो अपने ऑनलाइन चैनलों के माध्यम से बिक्री करते हैं।

कंपनी का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य त्योहारी सीजन से पहले छोटे कारोबारियों और विक्रेताओं को अपना कारोबार बढ़ाने का अवसर देना है। आमतौर पर साल की बड़ी बिक्री त्योहारी सीजन के दौरान होती है, लेकिन इसी अवधि में कारोबारियों पर लागत का दबाव भी बढ़ जाता है। डिस्काउंट और ऑफर के कारण मार्जिन कम होने के साथ पेमेंट गेटवे फीस भी कारोबारियों के मुनाफे को प्रभावित करती है। ऐसे में फीस पूरी तरह माफ होने से कारोबारी अपनी बचत का इस्तेमाल इन्वेंट्री, विज्ञापन और लॉजिस्टिक्स जैसी जरूरतों में कर सकेंगे।

कैशफ्री पेमेंट्स के सह-संस्थापक और सीईओ आकाश सिन्हा ने कहा कि एक औसत एसएमबी या डी2सी कारोबार की करीब 40 फीसदी सालाना बिक्री त्योहारी सीजन में होती है। ऐसे में इस अवधि के दौरान मजबूत और सुचारू पेमेंट सिस्टम बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन से पहले साइन-अप करने वाले करीब 90 फीसदी नए विक्रेता पूरे सीजन में 20 लाख रुपये से कम का जीएमवी दर्ज करते हैं। ऐसे में यह ऑफर उनके पूरे त्योहारी कारोबार को कवर करने में मददगार साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य कारोबारियों को ऐसा लॉन्चपैड उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपनी बिक्री बढ़ाने के साथ बची हुई राशि को ऑफर, इन्वेंट्री और मार्केटिंग जैसी जरूरतों पर खर्च कर सकें।

कंपनी के अनुसार, फीस में छूट के अलावा नए मर्चेंट साइन-अप करने के कुछ ही मिनटों में कैशफ्री के प्लेटफॉर्म पर काम शुरू कर सकते हैं। वहीं, सामान्य तौर पर लगने वाले दो दिन के सेटलमेंट साइकल की तुलना में उन्हें अगले दिन ही पेमेंट प्राप्त हो सकता है। इससे त्योहारी सीजन में स्टॉक बढ़ाने और विज्ञापन अभियानों के लिए कारोबारियों का कैशफ्लो बेहतर रहेगा।

इस ऑफर के तहत जुड़ने वाले प्रत्येक नए मर्चेंट को साइन-अप के समय से ही एक डेडिकेटेड अकाउंट मैनेजर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जो बिक्री के दौरान आवश्यक सहायता प्रदान करेगा। कंपनी का दावा है कि यह पहल नए कारोबारियों को जीरो-कॉस्ट ऑनबोर्डिंग के साथ तेज गो-लाइव और सेटलमेंट साइकल की सुविधा प्रदान करेगी।

जो कारोबारी आगामी त्योहारी सीजन से पहले अपनी ऑनलाइन सेवाएं शुरू करना चाहते हैं, वे 31 मार्च 2027 से पहले कैशफ्री पेमेंट्स के प्लेटफॉर्म पर साइन-अप कर इस शून्य फीसदी फीस ऑफर का लाभ उठा सकते हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts