टोरंटो स्ट्रीट फेस्टिवल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 2 की मौत, 6 घायल; हमलावर की तलाश जारी

टोरंटो। कनाडा के टोरंटो शहर में आयोजित प्रसिद्ध 'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' लैटिन स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान शनिवार रात हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया है और हमलावर की तलाश के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 8 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू वेस्ट और अर्लिंगटन एवेन्यू के पास हुई। गोलीबारी के बाद उत्सव स्थल पर भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अभी फरार है। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल गोलीबारी के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है।

'साल्सा ऑन सेंट क्लेयर' टोरंटो का प्रमुख लैटिन सांस्कृतिक महोत्सव है, जिसमें हर वर्ष हजारों लोग संगीत, नृत्य और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने पहुंचते हैं। भीड़भाड़ के बीच हुई इस घटना ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts