लिफ्ट में फंसे छह लोगों की 15 मिनट तक अटकी सांस
पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाला गया
मेरठ। मोदीपुरम स्थित एक रिहायशी सोसाइटी में मंगलवार रात लिफ्ट बीच रास्ते में रुक जाने से एक महिला, एक बच्चे सहित छह लोग करीब 15 मिनट तक उसमें फंसे रहे। सूचना पर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लिफ्ट में फंसे लोगों ने काफी देर तक घुटन और डर का सामना किया।
बताया गया कि घटना सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी के एफ-1 टावर की है। मंगलवार शाम अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने के दौरान लिफ्ट बीच मंजिल में रुक गई। उस समय लिफ्ट में राधा, उनके पति जय सिंह भदौरिया, एक बच्चा पार्थ समेत कुल छह लोग मौजूद थे। शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि बिजली आते ही लिफ्ट चल पड़ेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
कुछ देर बाद लिफ्ट के भीतर अंधेरा और उमस बढ़ने लगी, जिससे महिला और बच्चे ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस तथा स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से लिफ्ट का दरवाजा खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सोसाइटी के निवासियों का कहना है कि 14 मंजिला टावर में लगी दो लिफ्टों में से एक पिछले करीब डेढ़ महीने से खराब है और उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। वहीं, घटना के समय चालू लिफ्ट भी बिजली जाने के बाद बीच रास्ते में रुक गई।
लिफ्ट से बाहर निकलने के बाद लोगों ने बताया कि अंदर अंधेरा, उमस और हवा की कमी के कारण घबराहट होने लगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली गुल होने की स्थिति में लिफ्ट के भीतर आपातकालीन प्रकाश और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं थीं। घटना के बाद सोसाइटी की लिफ्ट व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर निवासियों ने नाराजगी जताई।


No comments:
Post a Comment