'गुठली बैंक' अभियान में छात्राओं ने दिखाई मिसाल, वन विभाग को सौंपीं 13,180 फलदार वृक्षों की गुठलियां
वर्ष 2027 में तैयार पौधे स्कूलों में रोपित किए जाएंगे
मेरठ। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत संचालित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत स्कूलों में चलाए जा रहे 'गुठली बैंक' अभियान को छात्र-छात्राओं का उत्साहपूर्ण सहयोग मिल रहा है। शनिवार को श्री मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज, मटौर (दौराला) की छात्राओं ने वन विभाग को 13,180 फलदार वृक्षों की गुठलियां सौंपकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की।
विद्यालय की शिक्षिकाओं सुनीता एवं ममता मित्तल के नेतृत्व में छात्राओं निकिता, निकंज और राधिका ने आम की 2,700 तथा जामुन की 10,480, कुल 13,180 गुठलियां प्रभागीय निदेशक, मेरठ वंदना फोगाट को सौंपीं।
प्रभागीय निदेशक वंदना फोगाट ने बताया कि इन गुठलियों से वन विभाग की पौधशालाओं में आधुनिक तकनीक के माध्यम से पौधे तैयार किए जाएंगे। वर्षा ऋतु-2027 में इन्हें संबंधित स्कूलों में वितरित कर पौधारोपण कराया जाएगा। विद्यार्थियों को यह भी बताया जाएगा कि उनके द्वारा एकत्रित गुठलियों से ही ये पौधे तैयार किए गए हैं, जिससे उनमें पेड़-पौधों के प्रति आत्मीयता और संरक्षण की भावना विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि 'गुठली बैंक' अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षों के महत्व और जैव विविधता के प्रति जागरूक करना है। अभियान को लेकर जिले के अन्य विद्यालयों में भी उत्साह बढ़ रहा है और वन विभाग लगातार छात्र-छात्राओं को इससे जोड़ने का प्रयास कर रहा है।
वंदना फोगाट ने श्री मल्हू सिंह आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षिकाओं और छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।


No comments:
Post a Comment