चलती टाटा सूमो पर गिरी चट्टान, 13 लोगों की मौत
लाहौल-स्पीति के पांगी–उदयपुर मार्ग पर बड़ा हादसा, दो घायल; राहत एवं बचाव अभियान जारी
लाहौल-स्पीति, 24 जुलाई। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में पांगी–उदयपुर सड़क मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुडू नाला के पास चल रही एक टाटा सूमो पर पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने से 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे की पुष्टि लाहौल-स्पीति पुलिस ने की है।
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी लोग चंबा जिले के रहने वाले थे और घूमने के बाद अपने घर लौट रहे थे। उदयपुर–किलाड़ मार्ग एक दिन पहले भूस्खलन के कारण बंद था, जिसके चलते यात्री तिंदी क्षेत्र में रुके हुए थे। शुक्रवार को सड़क खुलने के बाद जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, कुडू नाला के पास अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर वाहन पर गिर गया।
हादसे के बाद पुलिस, प्रशासन और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे से घायलों को निकालने और अन्य यात्रियों की तलाश के लिए राहत अभियान चलाया गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
भरमौर के विधायक जनक राज ने बताया कि चंबा और लाहौल-स्पीति के जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।


No comments:
Post a Comment