विश्व युवा कौशल दिवस पर रोजगार मेला, 121 युवाओं को मिले ऑफर लेटर
आईटीआई साकेत में 334 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, नौ कंपनियों ने की भर्ती
मेरठ, 14 जुलाई। विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) साकेत परिसर में आयोजित वृहद रोजगार मेले में 121 युवाओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति के ऑफर लेटर प्रदान किए गए। मेले का आयोजन उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई मेरठ और सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ भाजपा मेरठ जिलाध्यक्ष हरवीर पाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण कर भर्ती प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम हैं।
मेले में सुमति इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, नवनीत एंटरप्राइजेज सहित नौ निजी कंपनियों ने भाग लिया। विभिन्न ट्रेडों के 334 प्रशिक्षित एवं अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया। योग्यता एवं प्रदर्शन के आधार पर 121 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर सौंपे गए।
मुख्य अतिथि हरवीर पाल ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि जो युवा अपना स्वयं का उद्यम स्थापित करना चाहते हैं, वे सरकार की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने युवाओं से भविष्य में रोजगार पाने के साथ-साथ दूसरों को रोजगार देने वाला उद्यमी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त एनआरएलएम अन्नय मिश्रा, जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, राजकीय आईटीआई साकेत के नोडल प्रधानाचार्य संजीव कुमार तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हस्तिनापुर के प्रधानाचार्य महेश चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
नोडल प्रधानाचार्य संजीव कुमार ने संस्थान में संचालित कौशल विकास एवं रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी, जबकि जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह ने चयनित अभ्यर्थियों से समय पर ज्वाइन करने और अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन कुलदीप एवं मोनिका मित्तल ने किया। रोजगार मेले के सफल आयोजन में ईश्वर चंद, अश्वनी कुमार, गजेंद्र कुमार, श्रेष्ठ तुली, कुलदीप सिंह, विनय गौतम, प्रियंका, संदीप कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


No comments:
Post a Comment