भगवान जगन्नाथ का रथ हाईटेंशन लाइन से टकराया, एक युवक की मौत, 11 श्रद्धालु झुलसे
परीक्षितगढ़। भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। बारिश के बीच निकाली जा रही रथ यात्रा के दौरान रथ का ऊपरी हिस्सा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि 11 श्रद्धालु झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार परीक्षितगढ़ में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा निकाली जा रही थी। यात्रा में करीब दो हजार श्रद्धालु शामिल थे। शुक्रवार दोपहर बैंड-बाजों के साथ रथ यात्रा शुरू हुई। इसी दौरान श्रद्धालु रथ को रस्सी के सहारे आगे ले जा रहे थे। बताया गया कि रथ को रजवाहे की पटरी की ओर ले जाते समय उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया, जिससे पूरे रथ में करंट दौड़ गया।
हादसे में परीक्षितगढ़ निवासी 30 वर्षीय सचिन गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 11 झुलसे श्रद्धालुओं को सीएचसी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसपी देहात अभिजीत कुमार समेत कई थानों की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रथ की ऊंचाई को लेकर पहले ही पुलिस ने आयोजकों को सावधानी बरतने के लिए कहा था। बताया जा रहा है कि रथ की ऊंचाई करीब 14 फीट थी। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक और जिम्मेदारी तय की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


No comments:
Post a Comment