श्रेयस अय्यर बने T20 भारतीय टीम के नये कप्तान
टीम इलेवन में वैभव सूर्यवंशी भी शामिल ,सूर्य कुमार हुए बाहर
आईपीएल में सभी को प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव भी टीम में शामिल
मुबंई। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 फॉर्मेट में नया कप्तान मिल गया है। कई दिनों की अटकलों और खबरों पर आखिरकार भारतीय क्रिकेट के कर्ता-धर्ताओं ने मुहर लगा दी है। श्रेयस अय्यर को भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान घोषित कर दिया गया है। वहीं तिलक वर्मा को टीम का उप-कप्तान बनाया गया। इसके अलावा 15 साल के युवा सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी को भी पहली बार टीम इंडिया में मौका मिल गया है। इस तरह वो भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। बीसीसीआई ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के अलावा एशियन गेम्स और इंडिया-ए के अनौपचारिक टेस्ट टूर के लिए भी स्क्वॉड का ऐलान किया।
शनिवार 6 जून को BCCI हेडक्वार्टर में चली सेलेक्शन कमेटी की मीटिंग के बाद बोर्ड के सचिव देवजित सैकिया ने अय्यर को कप्तान बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही भारतीय टी20 टीम में सूर्यकुमार यादव के सफल दौर का अंत हुआ, जिसमें टीम इंडिया ने हाल ही में वर्ल्ड कप अपने नाम किया। वहीं अब 2028 के वर्ल्ड कप और ओलंपिक गेम्स को ध्यान में रखते हुए नए दौर का आगाज हुआ।
टीम इंडिया को जून के अंत में आयरलैंड और फिर वहीं से इंग्लैंड का दौरा करना है। आयरलैंड में भारत को 2 और इंग्लैंड में 5 टी20 मैच खेलने हैं। इन दोनों सीरीज के लिए 16 खिलाड़ियों का एक ही स्क्वॉड चुना गया है, जो इन सभी 7 मुकाबलों के लिए उपलब्ध रहेगा। इसमें सबसे खास नाम वैभव सूर्यवंशी का है, जो सबसे कम उम्र में टीम इंडिया के लिए सेलेक्ट होने वाले खिलाड़ी बन गए। उनके अलावा IPL में प्रभावित करने वाले तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को भी शामिल किया गया है। इस दौरे की शुरुआत 27 जून से होगी, जबकि इंग्लैंड सीरीज 1 जुलाई से शुरू होगी।
आयरलैंड और इंग्लैंड के लिए T20 स्क्वॉड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और वैभव सूर्यवंशी शामिल है।


No comments:
Post a Comment