दिल्ली के बाद मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा के प्रसाद हॉस्पिटल में आग
आग से कई लोगों की मरने की आशंका ,आईसीयू में धुआं भरने से 3 लोगों की मौत
मुजफ्फरपुर । दिल्ली के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के 3 बजे आग लग गई। इस हादसे में कई लोगों की मौत की आशंका है। अब तक 3 मौतों की पुष्टि हो चुकी है। आग बुझाने के लिए दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अब आग पर काबू पा लिया गया है। आईसीयू वार्ड में धुआं भरने से तीन लोगों की मौत हुई है। जानकारी के अनुसार आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। इस हादसे में तीन मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आईसीयू वार्ड में आग लगी थी। यह वार्ड अस्पताल की पांचवे मंजिल पर है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल बना हुआ है। एसएसपी, डीएम समेत कई अधिकारी मौके पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे में जानकारी ली और अस्पताल में मरीज के परिजनों से बात की।
मरीजों को लेकर भागे परिजन
परिजनों ने बताया कि अस्पताल में फायर कंट्रोल सिस्टम काम नहीं कर रहा है। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। मरीज और उनके परिजन जान बचाकर किसी तरह अस्पताल से बाहर निकले। हालांकि, आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों के लिए यह हादसा काफी भयावह साबित हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दम घुटने से कई मरीजों की मौत हो गई।
धुएं से भर गया आईसीयू वार्ड
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आग की शुरुआत आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट से हुई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे आईसीयू में धुआं भर गया। आसपास के लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। कई मरीजों को पास के अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। घटनास्थल पर चारों तरफ चीख-पुकार और भय का माहौल था। मरीजों के परिजन अपनों के बारे में पता नहीं चलने पर बेहद परेशान थे।
प्रशासन ने शुरू की जांच
अग्नि शमन विभाग के अधिकारी राम निवास पांडेय ने बताया कि पूरी स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा, "फिलहाल दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन मरने वालों की सही संख्या बताना अभी मुश्किल है। आग के कारण आईसीयू में दम घुटने से कई मरीजों की जान जा सकती है। हम कोशिश कर रहे हैं कि सभी विवरण जल्द से जल्द एकत्र किए जाएं।" अस्पताल प्रबंधन की ओर से कहा गया कि वे प्रशासन के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। इस घटना से पूरे शहर में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निजी अस्पतालों में सुरक्षा के मानकों का पालन नहीं होता है, जिसके कारण ऐसी घटनाएं होती हैं।


No comments:
Post a Comment