गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस पर गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब में से छबील का आयोजन
मेरठ। सिख धर्म के पांचवें गुरु, महान तपस्वी एवं शहीदों के सिरमौर गुरु अर्जन देव के पावन शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब, सेक्टर-3, शास्त्रीनगर, मेरठ में श्रद्धा, सेवा और मानवता को समर्पित छबील सेवा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने राहगीरों एवं क्षेत्रवासियों को शीतल मीठा जल और शरबत वितरित कर गुरु साहिब के उपदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
कार्यक्रम के दौरान संगत ने गुरु अर्जन देव के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु अर्जन देव ने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका जीवन त्याग, सेवा, सहनशीलता और समर्पण की अनुपम मिसाल है, जो आज भी समस्त मानव समाज को प्रेरणा प्रदान करता है।
छबील सेवा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी में राहगीरों को शीतल पेय वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया। संगत ने गुरु साहिब के चरणों में अरदास कर समाज में भाईचारा, प्रेम और सद्भाव बनाए रखने की कामना की।
इस सेवा कार्य में गुरुदीप सिंह कालरा, सनी बत्रा, संदीप पाहवा,गोपाल सूदन ,मनप्रीत सिंह, बलवीर सिंह, संजय पाहवा, गुरु सिमरन सिंह, मनप्रीत सिंह सलूजा, ओमकार सिंह सलूजा,जगदीप अरोड़ा,संजय भाटिया, हरीश अंश, एवं स्त्री सत्संग जत्था सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्य को सफल बनाया।कार्यक्रम के अंत में सभी सेवादारों एवं संगत का आभार व्यक्त किया गया तथा गुरु साहिब के दिखाए मार्ग पर चलकर मानवता की सेवा करने का संदेश दिया गया।


No comments:
Post a Comment