पीएनबी की सफलता का आधार उसके समर्पित कर्मचारी

  पीएनबी की भावी योजनाओं के लिए किया मार्ग दर्शन  

मेरठ।  पंजाब नेशनल बैंक द्वारा  चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय,के  सभागार में एक भव्य टाउन हॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मेरठ अंचल के विभिन्न कार्यालयों एवं शाखाओं से लगभग 700 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव, अंचल प्रमुख अजय कुमार टिबड़ेवाल एवं मंडल प्रमुख  नीरज कुमार आनंद द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा बैंक के संस्थापक लाला लाजपत राय  के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक अमित कुमार श्रीवास्तव ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बैंक की भावी रणनीतियों, डिजिटल बैंकिंग, ग्राहक सेवा, व्यवसाय वृद्धि, ऋण विस्तार तथा परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक की सफलता का आधार उसके समर्पित कर्मचारी हैं और सामूहिक प्रयासों से बैंक नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
अंचल प्रमुख  अजय कुमार टिबड़ेवाल ने अंचल के व्यावसायिक प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए कर्मचारियों के योगदान की सराहना की तथा आगामी लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सभी को प्रतिबद्धता एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
मंडल प्रमुख  नीरज कुमार आनंद ने उपस्थित कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कहा कि टाउन हॉल कार्यक्रम प्रबंधन एवं कर्मचारियों के मध्य संवाद को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे संगठनात्मक उद्देश्यों की प्राप्ति में सहायता मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को अपने विचार, सुझाव एवं प्रश्न साझा करने का अवसर प्रदान किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए बैंक की विभिन्न नीतियों एवं पहलों के संबंध में जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। उनके योगदान को बैंक की प्रगति में महत्वपूर्ण बताते हुए अन्य कर्मचारियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने बैंक की निरंतर प्रगति, उत्कृष्ट ग्राहक सेवा तथा संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts