सड़क निर्माण को लेकर भिड़े कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता
घटिया निर्माण के आरोप पर रुका काम, फिर शुरू हुआ
नगरायुक्त ने दिए जांच के आदेश
मेरठ।बह्मपुरी क्षेत्र में शास्त्री की कोठी से भूमिया पुल तक बन रही सड़क को लेकर शुक्रवार को राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। करीब 55 लाख रुपये की लागत से हो रहे सड़क निर्माण में अनियमितता और घटिया गुणवत्ता के आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काम रुकवा दिया।इसके बाद मौके पर पहुंचे भाजपा पार्षद और उनके समर्थकों ने दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया। कुछ देर तक दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने रहे। वही मामले को देखते हुए नगरायुक्त सौरभ गंगवार ने जांच के आदेश दिए है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य रात के अंधेरे में कराया जा रहा है और सड़क बनने के अगले ही दिन उखड़ने लगती है। निर्माण की गुणवत्ता इतनी खराब है कि नगर निगम को अब तक दो-तीन बार पैचवर्क कराना पड़ चुका है। निर्माण में मानकों की अनदेखी कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
कांग्रेस ने रुकवाया निर्माण कार्य
क्षेत्रीय पार्षद सारिका शर्मा के पति एवं कांग्रेस महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर निगम और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क निर्माण कार्य रुकवा दिया। रंजन शर्मा ने आरोप लगाया कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता की शिकायतों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने मामले की शिकायत नगर आयुक्त से भी की।
भाजपा पार्षद ने दोबारा शुरू कराया काम
निर्माण कार्य रुकने की सूचना मिलने पर वार्ड-3 के भाजपा पार्षद अरुण मचल अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और दोबारा काम शुरू कराया। अरुण मचल ने कहा कि सड़क निर्माण रुकने से आम जनता को परेशानी होती है। यदि गुणवत्ता को लेकर शिकायत थी तो उसे संबंधित अधिकारियों के सामने रखा जाना चाहिए था, विकास कार्य बाधित नहीं किए जाने चाहिए।
नगर आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। ब्रह्मपुरी क्षेत्र से सड़क निर्माण संबंधी शिकायतें मिली हैं, जिनका संज्ञान लिया गया है। जांच के लिए निर्माण विभाग के अवर अभियंता (जेई) को मौके पर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment