के. एल. के पूर्व छात्र रणविजय त्यागी ने बढ़ाया विद्यालय एवं जनपद का गौरव
मेरठ। के. एल. इंटरनेशनल स्कूल के मेधावी पूर्व छात्र रणविजय त्यागी ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन एवं समर्पण से एक बार फिर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
रणविजय ने वर्ष 2023 में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) प्रवेश परीक्षा में अखिल भारतीय रैंक (AIR) 11 प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता अर्जित की थी। विद्यालय की कक्षा XII की बोर्ड परीक्षा में भी उन्होंने 99.2% अंक प्राप्त कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया था।
हाल ही में रणविजय ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, खड़कवासला (पुणे) से बी.एससी. (कंप्यूटर साइंस) की डिग्री सफलतापूर्वक पूर्ण की है। NDA के 150वें कोर्स के दीक्षांत समारोह में उन्हें उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चीफ ऑफ नेवल स्टॉफ ट्राफी तथा कमानडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल एवं प्रसिद्ध समाजसेवी डॉ. किरण बेदी द्वारा प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक वर्ग एवं प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने रणविजय की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रणविजय की सफलता विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी मेहनत, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण प्रत्येक युवा के लिए अनुकरणीय है।विद्यालय परिवार रणविजय त्यागी तथा उनके अभिभावकों को इस अद्वितीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता है तथा उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करता है।


No comments:
Post a Comment