नवागन्तुक उप गन्ना आयुक्त यशपाल सिंह ने संभाला मेरठ परिक्षेत्र का कार्यभार
किसानों के हितों एवं गन्ना विकास को बताया सर्वाेच्च प्राथमिकता
मेरठ। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार यशपाल सिंह ने मंगलवार को मेरठ परिक्षेत्र के उप गन्ना आयुक्त पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। यशपाल सिंह की नियुक्ति को गन्ना विकास, किसान कल्याण एवं चीनी उद्योग के समन्वित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पूर्व वे गोरखपुर परिक्षेत्र में उप गन्ना आयुक्त के पद पर कार्यरत रहे हैं तथा अपने सेवाकाल के दौरान प्रदेश के विभिन्न प्रमुख गन्ना उत्पादक जनपदों जैसे बरेली, बिजनौर, बलरामपुर, मुरादाबाद एवं कासगंज सहित अनेक जिलों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। गन्ना विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों से संवाद स्थापित करने तथा विभागीय योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में उनकी विशेष दक्षता रही है।
कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात अपने संबोधन में श्री सिंह ने कहा कि किसानों के हितों का संरक्षण, उनकी आय में वृद्धि तथा गन्ना कृषि को अधिक लाभकारी बनाना उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि गन्ना विकास विभाग, चीनी मिलों, किसान संगठनों एवं कृषि वैज्ञानिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर उपलब्ध कराना, गन्ना मूल्य भुगतान संबंधी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना तथा विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के किसान तक पहुंचाना विभाग की प्रमुख जिम्मेदारी है। इस दिशा में सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
श्री सिंह ने विशेष रूप से गन्ना उत्पादकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि नई एवं स्वीकृत गन्ना प्रजातियों के प्रचार-प्रसार, संतुलित पोषण प्रबंधन, यंत्रीकरण तथा वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बदलते जलवायु परिदृश्य को देखते हुए जल संरक्षण एवं सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों, विशेषकर ड्रिप सिंचाई प्रणाली, को प्राथमिकता के आधार पर प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे कम जल में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके।
उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक खेती, जैविक एवं सतत कृषि प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे ताकि कृषि लागत में कमी लाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। इसके अतिरिक्त किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, डिजिटल सेवाओं तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने हेतु जागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन किया जाएगा।
श्री सिंह ने यह भी कहा कि चीनी मिलों एवं किसानों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय स्थापित कर गन्ना आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक प्रयासों से मेरठ परिक्षेत्र गन्ना उत्पादन, उत्पादकता एवं किसान कल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगा।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए नवागत उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि गन्ना विभाग के समस्त अधिकारी एवं कार्मिक गन्ना परिवार का हिस्सा हैं सभी लोगो के संयुक्त प्रयास से ही परिक्षेत्र में सफलता की गारन्टी सुनिश्चित होगी। अधिकारियों एवं कार्मिकों ने भी श्री सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। तथा विश्वास व्यक्त किया कि श्री सिंह के नेतृत्व में मेरठ परिक्षेत्र में गन्ना विकास कार्यक्रमों को नई गति मिलेगी तथा किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों के समाधान में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।


No comments:
Post a Comment