पुणे में केतन अग्रवाल की मौत का खुला राज
- मंगेतर ने ही प्रेमी संग केतन को किले से दिया था धक्का
- पुणे पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
पुणे (एजेंसी)।ट्रेकर केतन विशाल अग्रवाल की मौत के मामले में एक नया मोड़ आया है। पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उनकी मंगेतर और उसके एक दोस्त ने कथित तौर पर उन्हें पुणे में एक गहरी खाई में धकेल दिया और इसे एक हादसा बताकर पेश किया।
पुलिस ने बताया कि अग्रवाल की मंगेतर और उसके दोस्त को हिरासत में ले लिया गया है और अब वे इसे हत्या के मामले के तौर पर जांच रहे हैं। पुलिस ने पिछले हफ्ते बताया कि पुणे शहर के पास गहुंजे के रहने वाले और अपने परिवार की रियल एस्टेट कंपनी में डायरेक्टर 26 साल के अग्रवाल 18 जून की सुबह तस्वीरें ले रहे थे। तभी तेज हवाओं के बीच उनका संतुलन बिगड़ गया और वे ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में 400 फीट गहरी खाई में गिर गए।
यह हादसा तब हुआ जब उनकी मंगेतर और दो करीबी दोस्त मंगेतर का आने वाला जन्मदिन मनाने के लिए किले पर गए थे। पुलिस ने तब दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि, मंगलवार को पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अग्रवाल की मंगेतर और उसके एक पुरुष दोस्त ने कथित तौर पर उन्हें खाई में धकेल दिया और इसे हादसा बता दिया।
अधिकारी ने कहा, "हमने मंगेतर और उसके पुरुष दोस्त को हिरासत में ले लिया है और घटना की जांच हत्या के तौर पर कर रहे हैं।" उन्होंने और कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, अग्रवाल की शादी नवंबर में होने वाली थी और परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान के उदयपुर में एक महल बुक किया था। लोहागढ़ किला मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास से जुड़ा है। यह महाराष्ट्र के उन 12 किलों में से एक है जिन्हें यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल किया गया है।


No comments:
Post a Comment