भारत-अमरीका ट्रेड डील देशहित के खिलाफ : जयराम रमेश

बोले- ट्रंप को खुश करने में लगी है मोदी सरकार
 
नई दिल्ली (एजेंसी)।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भारत-अमरीका प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार की आलोचना की है। जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के लिए भारत के आर्थिक हितों से समझौता करने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा कि अमरीकी व्यापार प्रतिनिधि जैमिसन ग्रीर दो दिवसीय भारत दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी में हैं। उन्होंने दावा किया कि गत छह फरवरी को भारत और अमरीका के बीच जारी संयुक्त बयान के तहत अमरीका ने भारतीय निर्यात पर टैरिफ 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का वादा किया था, जबकि भारत ने अमरीकी कृषि और औद्योगिक उत्पादों पर शुल्क समाप्त या कम करने तथा पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर तक की खरीद का आश्वासन दिया था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि 20 फरवरी को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रपति ट्रंप की रेसिप्रोकल टैरिफ नीति को अवैध करार दे दिया, जिससे भारत को दी गई टैरिफ रियायत प्रभावी रूप से समाप्त हो गई। इसके बाद अमरीका ने भारत सहित सभी व्यापारिक साझेदारों पर अस्थाई रूप से 10 प्रतिशत टैरिफ लगा दिया और अब भारत अमरीकी जांच के दायरे में है।

जयराम रमेश ने कहा कि जापान और यूरोपीय संघ के साथ समझौते के बावजूद अमेरिका ने उन पर भी टैरिफ बढ़ाने की धमकी दी है। ऐसे में भारत को किसी भी ऐसे व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करने चाहिए, जो उसके राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हो। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को मलेशिया से सीख लेनी चाहिए, जिसने अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अमरीका के साथ अपनी ट्रेड डील को अस्वीकार कर दिया।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts