शंकराचार्य का बड़ा बयान
गौ रक्षा बनेगा चुनावी मुद्दा, राम मंदिर ट्रस्ट पर भी उठाए सवाल
मेरठ। मेरठ पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने गौ रक्षा, राम मंदिर ट्रस्ट और अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कई बड़े बयान दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में चल रही उनकी यात्रा को व्यापक समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में गौभक्त गौ रक्षा के मुद्दे पर एकजुट हो रहे हैं।
शंकराचार्य ने कहा कि लाखों गौभक्त संकल्प ले चुके हैं कि आगामी चुनाव में वे गौ रक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाकर मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच रही है और लोगों को गौ संरक्षण के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि भारतीय परंपरा में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, तो फिर सरकारी दस्तावेजों और व्यवस्थाओं में उसे केवल पशु के रूप में क्यों देखा जाता है। उन्होंने इस विषय पर सरकार से स्पष्ट नीति अपनाने की मांग की।अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर शंकराचार्य ने कहा कि सत्य अधिक समय तक छिप नहीं सकता। उन्होंने कहा कि अब स्थिति स्पष्ट हो चुकी है और सच सामने आ गया है। उनके अनुसार यह मामला भविष्य में पूरे देश के लिए एक नजीर बनेगा।
अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि को लेकर उठे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मंदिर प्रबंधन में धर्माचार्यों और शंकराचार्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।उन्होंने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामलों में हिंदू समाज और संबंधित पक्षों को कानून के दायरे में रहकर अपनी बात रखनी चाहिए और यदि किसी को अनियमितता का संदेह है तो विधिक प्रक्रिया का सहारा लेना चाहिए।शंकराचार्य के इन बयानों के बाद राजनीतिक और धार्मिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है, खासकर गौ रक्षा और राम मंदिर प्रबंधन से जुड़े मुद्दों को लेकर।


No comments:
Post a Comment