अंसल कॉलोनी में अवैध कब्जा हटाने पर विवाद में दो पक्षों में भिड़ंत
मेरठ। हाईवे स्थित अंसल कोर्ट यार्ड कॉलोनी में शनिवार को अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान विवाद हो गया। कॉलोनी की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के प्रयास में दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।
यह विवाद एनएच-58 स्थित अंसल कोर्ट यार्ड कॉलोनी के ए-ब्लॉक से शुरू हुआ। यहां एक फ्लैट स्वामी ने अपने फ्लैट के पीछे खाली पड़ी कॉलोनी की जमीन पर रात के समय दीवार खड़ी कर एक कमरा बना लिया था, जिससे अवैध कब्जा हो गया था। आसपास के निवासियों ने इस पर आपत्ति जताई और जिलाधिकारी से शिकायत भी की थी।
मामला कॉलोनी की रेजिडेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के अध्यक्ष अजीत भराला के संज्ञान में आया। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद कॉलोनी की महिलाओं और अन्य निवासियों ने मिलकर इस कथित अवैध निर्माण को हटवा दिया।
इस कार्रवाई के बाद कॉलोनी के अन्य निवासियों ने भी मांग उठाई कि जिन लोगों ने कॉलोनी की जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है, उनके कब्जे भी हटाए जाएं। इस मांग का कुछ कब्जाधारकों ने विरोध किया, जिसके परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।स्थिति को बिगड़ता देख कॉलोनी के गणमान्य लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच, सूचना मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।
घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि कॉलोनी की भूमि पर किए गए सभी अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। आरडब्ल्यूए ने अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी दी है कि वे एक सप्ताह के भीतर स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment