सीएम ग्रेड को लेकर कारोबारियों को मिले दुकान खाली करने के नोटिस
सीएम ग्रिड काम के चलते कार्रवाई, दुकान की वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठी
मेरठ। शहर में कई सड़कों को सीएम ग्रिड योजना के तहत बनाया जा रहा है, इसी में सर्किट हाउस से साकेत चौराहे तक की सड़क भी बनाई जा रही है। जिसमें सर्किट हाउस के सामने निगम द्वारा लोगों को आवंटित की गई दुकानों को हटाने के नोटिस निगम द्वारा व्यपारियों को दे दिए गए हैं।
दुकानदार रामू साहू ने बताया कि उनकी दुकान लंबे समय से निर्धारित स्थान पर संचालित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि दुकानें हटाई जानी हैं तो पहले यह स्पष्ट किया जाए कि वैकल्पिक दुकानें कहां और कब उपलब्ध कराई जाएंगी। उनका कहना है कि अब तक उन्हें किसी प्रकार का लिखित आदेश या वैकल्पिक व्यवस्था संबंधी दस्तावेज नहीं दिया गया है। दुकानदारों ने मांग की कि नगर निगम पहले उन्हें नई जगह आवंटित करे या लिखित रूप से यह आश्वासन दे कि निर्धारित समय सीमा में नई दुकानें बनाकर उपलब्ध करा दी जाएंगी। उनका कहना है कि वे नई दुकान में अपना सामान व्यवस्थित करने के बाद ही पुरानी दुकान खाली कर पाएंगे।
प्रभावित व्यापारियों का कहना है कि यदि पहले दुकानें खाली कराई जाती हैं तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पुनर्वास की स्पष्ट योजना और समय-सीमा सार्वजनिक की जाए, ताकि व्यापारियों को अनिश्चितता का सामना न करना पड़े। दुकानदारों ने चेतावनी दी कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था और लिखित आश्वासन के दुकानें खाली कराना उनके लिए स्वीकार्य नहीं होगा। वहीं, इस मामले में नगर निगम के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इसी के साथ अखिल भारतीय हिंदु सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने दुकानदारों का समर्थन करते हुए कहा कि पिछले लगभग 35 सालों से यह सभी दुकानदार निगम को समय पर किराया देकर यहां दुकान चला अपने परिवार को पाल रहे हैं। ऐसे में अचानक इनकी दुकानों को हटाना इनकी रोजी- रोटी छीनना जैसा है। यदि निगम द्वारा दुकानदारों को जगह और समय नहीं दिया जाता है तो वह निगम और ठेकेदार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।


No comments:
Post a Comment