कॉकरोच जनता पार्टी का दिल्ली में  प्रदर्शन , सुरक्षा बढ़ाई गई, अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे

 नयी दिल्ली। डिजिटल संगठन सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए आज  दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने आईजीआई एयरपोर्ट, दिल्ली की सीमाओं और अन्य संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।

इस महीने की शुरुआत में सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके नेतृत्व में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया था। उन्होंने समर्थकों से छह जून को दिल्ली हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का भी आग्रह किया था। सूत्रों ने बताया कि पुलिस को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति से संबंधी कोई औपचारिक अनुरोध प्राप्त नहीं हुआ है लेकिन सोशल मीडिया निगरानी और अन्य माध्यमों से प्राप्त जानकारी के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। 

सूत्रों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर सुरक्षा उपायों के तहत नयी दिल्ली जिले और अन्य रणनीतिक स्थानों पर 1,000 से अधिक पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे, प्रमुख रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाले सीमावर्ती चौकियों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की टीम को तैनात किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर के बाहर कई स्तरों पर अवरोधक लगाए गए हैं। साथ ही सीमा चौकियों और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंचे

दिल्ली में सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि अभिजीत दीपके दिल्ली पहुंच चुके हैं और इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर भी दी है।  रांका ने दावा किया कि यह दिन भारतीय राजनीति के लिए अहम साबित हो सकता हैञ उन्होंने बताया कि दिपके जल्द बाहर आएंगे, इसके बाद वे दिल्ली पुलिस से अनुमति लेने के लिए थाने जाएंगे और फिर जंतर-मंतर पर धरना देंगे।

इन व्यवस्थाओं के तहत शुक्रवार (5 जून) को दिल्ली हवाई अड्डे और आसपास के इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस उपायुक्त (आईजीआई) विचित्र वीर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने ‘फील्ड स्टाफ’ को आवश्यक निर्देश दिए और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और फील्ड इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। किसी अप्रिय स्थिति की आशंका के तहत जिला पुलिस इकाइयों को पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों को तैयार रखने और घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा गया है। 

सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था की गई

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस बल स्थिति का आकलन करने और तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए खुफिया एजेंसियों और सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अन्य हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है।  पुलिस ने कहा कि जन सुरक्षा और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है, साथ ही दिल्ली में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 

No comments:

Post a Comment

Popular Posts