मेडा की वेबसाईट हैक
हैकर्स ने बदला वेबसाइट का होमपेज, साइबर सुरक्षा पर उठे सवाल
मेरठ।मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) की आधिकारिक वेबसाइट शनिवार को हैक हो गई। वेबसाइट के होमपेज पर पाकिस्तान समर्थित आपत्तिजनक संदेश और नारे दिखाई देने से हड़कंप मच गया।
मेडा के अधिकारियों ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस को दी। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हैकर्स केवल वेबसाइट का होमपेज बदलने में सफल हुए या फिर किसी संवेदनशील डेटा तक भी उनकी पहुंच बनी। वेबसाइट पर स्वयं को OVERTHRASH1337 नामक हैकर समूह का सदस्य बताने वाला संदेश दिखाई दिया, जिसमें पाकिस्तान समर्थक नारे और आपत्तिजनक शब्द लिखे गए थे।
मेडा की तकनीकी टीम ने वेबसाइट को बहाल करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक वेबसाइट सामान्य नहीं हो सकी। शुरुआती जांच में इसे वेबसाइट डिफेसमेंट का मामला माना जा रहा है। यानी हैकर्स ने वेबसाइट के मुख्य पेज को बदलकर अपना संदेश प्रदर्शित कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हैकिंग का असर केवल होमपेज तक सीमित है या वेबसाइट के सर्वर और अन्य डेटा तक भी अनधिकृत पहुंच बनाई गई है। मामले की तकनीकी जांच की जा रही है। वहीं, एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि इस संबंध में अभी तक कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।


No comments:
Post a Comment