यूपी एसटीएफ ने अयोध्या में कुख्यात भानु प्रताप को मुठभेड़ में मार गिराया
एनकाउंटर में मारे गये बदमाश पर हत्या , लूट रंगदारी के दर्ज थे 40 मुकदमे
अयोध्या। यूपी एसटीएफ को उस समय बड़ी सफलता मिली जब उसने बीती देर रात 1 लाख 65 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू को अयोध्या में हुई मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत गंभीर अपराधों के करीब 40 मुकदमे दर्ज थे. वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।
यूपी एसटीएफ को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप सिंह अपने एक साथी के साथ बाइक से क्षेत्र से गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। देर रात करीब 11 बजे संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
उपचार के दौरान मौत
पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में STF ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें भानु प्रताप सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा. पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर जिले का रहने वाला था और पूर्वांचल के कई जिलों में उसका आतंक माना जाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में लगभग 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उसकी गिरफ्तारी पर शासन द्वारा दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भानु प्रताप लंबे समय से कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ था। उसकी तलाश में कई जिलों की पुलिस और STF की टीमें लगी हुई थीं।


No comments:
Post a Comment