हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से घर के बाहर खेल रहा मासूम झुलसा
मेरठ । नौचंदी थाना क्षेत्र के जैदी फार्म इलाके में शनिवार रात 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में हुए फॉल्ट से निकली चिंगारियों की चपेट में आकर 9 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जैदी फार्म मेन रोड स्थित गली नंबर-2 निवासी आसिफ का पुत्र अब्बुजर (9) शनिवार रात घर के पास लगे विद्युत पोल के निकट वाइपर से खेल रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में अचानक फॉल्ट हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज धमाके के साथ लाइन से चिंगारियां निकलीं, जिनकी चपेट में आकर बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया।बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार बच्चे का उपचार जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।घटना की सूचना पर नौचंदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी
हादसे के बाद क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आबादी वाले इलाके के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनें लगातार खतरा बनी हुई हैं। लोगों ने विभाग से सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने, लाइनों की नियमित जांच कराने और हादसे की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


No comments:
Post a Comment