हिस्ट्रीशीटर को पकड़ने पहुंची टीम पर हमला

 चार पुलिसकर्मी घायल, आरोपी फरार, तीन परिजन हिरासत में

मेरठ।  लालकुर्ती क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर बादल को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। आरोपी फरार हो गया, जबकि उसके भाई, पत्नी और बहन को हिरासत में लिया गया है।

 सट्टा कारोबार से जुड़े हिस्ट्रीशीटर बादल को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस आरोपी को गैर जमानती वारंट के तहत गिरफ्तार करने गई थी, लेकिन कार्रवाई के दौरान विरोध और हाथापाई के बीच आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाकर कार्रवाई शुरू कर दी।

महिलाओं ने घेरा, आरोपी मौके से भाग निकला

पुलिस के अनुसार घोसी मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर बादल को पकड़ने के लिए टीम उसके घर पहुंची थी। इसी दौरान परिवार की महिलाओं और अन्य लोगों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। हंगामे और धक्का-मुक्की के बीच आरोपी बादल मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके भाई सोनी, पत्नी और बहन को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

धारदार हथियारों से हमले का आरोप

लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह के अनुसार पुलिस टीम पर चाकू, फावड़ा समेत धारदार हथियारों से हमला किया गया। घटना में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। घायलों में उपनिरीक्षक कपिल, उपनिरीक्षक रंजीत, महिला शक्ति प्रभारी शिवांगी सहित चार पुलिसकर्मी शामिल बताए गए हैं।

बादल पर दर्ज हैं 17 से अधिक मुकदमे

पुलिस के अनुसार घोसी मोहल्ला निवासी बादल की हिस्ट्रीशीट वर्ष 2017 में खोली गई थी। उसके खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, सट्टा संचालन समेत 17 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा उस पर गुंडा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तारी के लिए जारी है तलाश

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार हिस्ट्रीशीटर की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। हमले के मामले में भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हमले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts