बीजेपी ने भारतीय सीमाओं को किया सुरक्षित : सीएम योगी
कहा- 2014 से पहले दुश्मन देश दिखाते थे आंख, अब होती है सर्जिकल स्ट्राइक
गोरखपुर (एजेंसी)।सीएम योगी शनिवार को भाजपा महानगर के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे। उन्होंने प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 2014 के पहले दुश्मन देश हमारे सैनिकों के साथ क्रूरता करते थे। चोरी छिपे उनके साथ अत्याचार कर लेते थे। सरकारें कहती थीं कि बोलना नहीं है कहीं संबंध खराब न हो जाए। लेकिन अब दुश्मनों पर एयर स्ट्राइक और सर्जिक्रल स्ट्राइक की जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि आज नक्सलवाद बामुश्किल एक, दो जनपद तक सीमित रह गया है, वह भी कुछ दिन में समाप्त हो जाएगा। कश्मीर का आतंकवाद खत्म हो गया। पूर्वोत्तर का उग्रवाद खत्म हो गया। सुरक्षा ही नहीं होगी तो विकास कैसे होगा। सुरक्षा के कारण ही देश में विकास के कार्य हो रहे हैं। जिस देश का इंफ्रास्ट्रक्चर जितना मजबूत होगा, वह देश उतनी ही तेजी से विकास करेगा।
उन्होंने कहा भारतीय राजनीति में जब हम अंत्योदय की बात करते हैं। पं. दीन दयाल उपाध्याय ने स्वतंत्र भारत में सरकारों से इस बात के लिए आह्वान किया कि हमारी आर्थिक उन्नयन का आधार ऊंचे पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए नहीं बल्कि सबसे निचले पायदान पर बैठे व्यक्ति है। उन्हीं को ध्यान में रखकर देश की नीतियां बनाई जानी चाहिए।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस प्रशिक्षण वर्ग को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पं. दीन दयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के अंतर्गत गोरखपुर महानगर इकाई का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण वर्ग 11 सत्रों में होगा। प्रशिक्षण वर्ग के बाद सभी कार्यकर्ता अयोध्या में राम मंदिर जाएंगे। इससे पहले सहजनवा में जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया था।


No comments:
Post a Comment