पिकअप की टक्कर में छात्र की मौत
दोस्त के संग पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने जा रहा था छात्र
मेरठ।थाना कंकरखेड़ा क्षेत्र में खिर्वा फ्लाईओवर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में पावलीखास गांव के रहने वाले 18 वर्षीय छात्र बंटी की मौत हो गई है। जबकि मोटरसाइकिल पर सवार उसके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। भीषण हादसा देर रात करीब एक बजे उस समय हुआ जब चारों दोस्त एक पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने के लिए आए थे, तभी एक अनियंत्रित तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बंटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक बंटी ने हाल ही में 12वीं कक्षा पास की थी और बीए में दाखिला लेने की तैयारी कर रहा था, जिसकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप गाड़ी का चालक वाहन सहित अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कंकरखेड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल पंप और खिर्वा फ्लाईओवर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार पिकअप गाड़ी के नंबर को ट्रेस कर आरोपी चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


No comments:
Post a Comment