ठप हुई  शहर की बिजली व्यवस्था

रात 9 बजे से 13 घंटे अंधेरे में डूबे कई इलाके

 अधिकारियों ने बंद किए फोन, पानी को भी तरसे लोग

मेरठ। उमस भरी  भीषण गर्मी के बीच मेरठ में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। शनिवार रात करीब 9 बजे से फ्रेंड्स कॉलोनी, गुरु नानक नगर, शास्त्री नगर, जाग्रति विहार्, सुभाष नगर, पूर्वा शेखलाल समेत कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। रविवार सुबह 10 बजे तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी, जिससे हजारों लोग पूरी रात अंधेरे और गर्मी में तड़पते रहे। बिजली न होने से पेयजल संकट भी गहरा गया और लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान नजर आए।

रातभर बिजली का इंतजार कर रहे लोगों ने कई बार संबंधित बिजलीघर और एसडीओ को फोन मिलाए, लेकिन आरोप है कि अधिकारियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। शिकायत सुनने वाला कोई नहीं मिला, जिससे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

सबसे ज्यादा आक्रोश गुरु नानक नगर के लोगों में देखने को मिला। देर रात बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवक रामलीला मैदान स्थित बिजलीघर पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भीषण गर्मी में छोटे-छोटे बच्चे पूरी रात अपनी मां से पूछते रहे कि "मम्मी, लाइट कब आएगी?", लेकिन बिजली नहीं आई और बच्चे इंतजार करते-करते सो गए। वहीं बुजुर्ग और बीमार लोगों की हालत भी गर्मी के कारण बिगड़ती रही।

 बिजली न आने से  इंवरटर, बैटरी भी हुए ठप 

धरने के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। हालांकि सुबह 10 बजे तक भी फ्रेंड्स कॉलोनी और आसपास के कई इलाकों में बिजली नहीं आई, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

बिजली गुल होने से पानी की सप्लाई भी ठप हो गई। घरों में लगी मोटरें नहीं चल सकीं और लोगों को पीने तक का पानी नसीब नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली विभाग की यह लापरवाही उनकी परेशानी को कई गुना बढ़ा रही है।

घरों में न पानी न बिजली

स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

रामलीला बिजली घर से कनेक्ट कई कॉलोनी जैसे फ्रेंड्स कॉलोनी लिसाड़ी गांव डी ब्लॉक ईरा गार्डन ईदगाह कॉलोनी जैसी कई कॉलोनी की रात 9:00 बजे से लाइट गुल है जिसके चलती इलाके के लोग रात भर अंधेरे और भीषण गर्मी में तड़पते रहे नहीं पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग अब तरस रहे हैं अभी तक भी इलाके में बिजली नहीं सुचारू की गई है

No comments:

Post a Comment

Popular Posts