सरधना के मिलक गांव में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में कई घायल 

दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, युवतियों को पीटा

मेरठ। सरधना के मिलक गांव में एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति-पत्नी के बीच चल रहे झगड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद जमकर लाठी-डंडे चले। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मिलक गांव निवासी सोनिया पत्नी शिव कुमार ने बताया कि उनके देवर नीरज की शादी सरधना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव की एक युवती से हुई थी। करीब दो माह पहले किसी पारिवारिक विवाद के चलते नीरज की पत्नी अपने मायके चली गई थी।

हाल ही में नीरज अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए ससुराल पहुंचा था। सोनिया का आरोप है कि वहां उसकी सास ने नीरज के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की, जिसके बाद नीरज बिना पत्नी को साथ लाए वापस लौट आया। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद और बढ़ गया।

सोनिया ने बताया कि मंगलवार दोपहर जब उनके पति शिव कुमार और परिवार के अन्य पुरुष सदस्य घर से बाहर गए हुए थे, तभी देवरानी के मायके पक्ष के डेढ़ दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने पहले घर के मुख्य गेट पर लाठी-डंडे बजाकर हंगामा किया और फिर जबरन घर में घुस आए।पीड़िता के अनुसार, घर में घुसने के बाद आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब घर की महिलाओं ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं।

सोनिया ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने डर पैदा करने के उद्देश्य से फायरिंग भी की। उन्होंने दावा किया कि गोलीबारी के दौरान वह और उनका 12 वर्षीय बेटा बाल-बाल बच गए। हालांकि, फायरिंग में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया था। पीड़ित पक्ष ने देर रात थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।

घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख आरोपित वहां से फरार हो गए। इसके बाद घर लौटे शिव कुमार और अन्य परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। देर रात पूरा परिवार सरधना थाने पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

उधर, घटना के कई घंटे बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने वीडियो को भी जांच के दायरे में लिया है।

प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। फायरिंग के आरोप सहित पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि गांव में स्थिति पूरी तरह सामान्य है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी रखी जा रही है।


No comments:

Post a Comment

Popular Posts