किशोरी ने सोना चोरी कर ब्वायफ्रेंड को बाइक दिलाई
जीजा और सर्राफ भी गैंग में शामिल, घरों में काम करने के दौरान करते थे वारदात
मेरठ। थाना टीपीनगर पुलिस ने घरों में काम करने के बहाने चोरी करने वाले एक गैंग का खुलासा किया है। गैंग में एक किशोरी, उसका ब्वॉयफ्रेंड, किशोरी का जीजा और चोरी का सोना खरीदने वाला सर्राफ शामिल है। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर चोरी के जेवर, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई बाइक बरामद की है।
गगन विहार, रोहटा रोड निवासी डॉ. लोकेंद्र कुमार त्यागी ने 31 मई को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनके घर काम करने वाली मेड और उसके साथियों ने उनकी पुत्रवधू के जेवर चोरी कर लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि गगन विहार निवासी पंकज कुमार ने भी अपनी पत्नी के सोने के कंगन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
दोनों घटनाओं में समानता मिलने पर पुलिस ने जांच तेज की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसके बाद घरों में मेड के रूप में काम करने वाली किशोरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ में किशोरी ने दोनों घरों में चोरी की वारदात कबूल कर ली।पुलिस ने किशोरी की निशानदेही पर उसके ब्वॉयफ्रेंड शिवम निवासी कंकरखेड़ा, जीजा बोबी निवासी कंकरखेड़ा तथा चोरी का जेवर खरीदने वाले सर्राफ योगेंद्र उर्फ सोनू निवासी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का सोना बेचकर बांट लिए रुपये
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि किशोरी घरों से जेवर चुराकर शिवम को देती थी। इसके बाद शिवम और बोबी चोरी का सामान सर्राफ योगेंद्र उर्फ सोनू को बेच देते थे। सोना बेचने से मिले रुपये चारों ने आपस में बांट लिए थे।
चोरी के पैसों से खरीदी बाइक
पुलिस के अनुसार चोरी से मिले पैसों से शिवम ने करीब डेढ़ लाख रुपये की एक अपाचे बाइक खरीदी थी। जांच के दौरान बाइक को भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक चेन (सफेद धातु), एक जोड़ी पाजेब (सफेद धातु), 28,170 रुपये नकद, 9,600 रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई अपाचे मोटरसाइकिल तथा करीब 4.30 ग्राम वजन की पीली धातु की एक टिकली बरामद की है।पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।


No comments:
Post a Comment