अतिक्रमण हटाने के साथ व्यापारियों से वसूला 4,500 रुपये जुर्माना

- मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण होने से यातायात हो रहा था प्रभावित

- पुलिस, प्रशासन व नगर पालिका की संयुक्त टीम ने चलाया अभियान

बुलंदशहर (डिबाई): नगर पालिका परिषद डिबाई ने नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम के साथ व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। डिबाई-बुलंदशहर हाईवे पर धर्मपुर रोड मोड़ से महादेव चौराहे होते हुए अनाज मंडी तक चले अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों से 4,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

डिबाई कस्बे के मुख्य मार्ग पर दुकानों के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण के कारण आए दिन यातायात प्रभावित हो रहा था। राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सड़क किनारे रखा सामान हटवाया तथा अतिक्रमणकारियों का सामान जब्त किया।

डिबाई नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अरविंद मिश्रा के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में व्यापारियों को सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए। टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर जुर्माने के साथ संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। 

ईओ अरविंद मिश्रा ने बताया कि नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आमजन की सुविधा के लिए अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों से 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और अधिक कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से नगर पालिका के अभियान में सहयोग करने तथा सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की अपील की।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts