दीक्षोत्सव-2026 के अंतर्गत सीसीएसयू के रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ के रानी लक्ष्मीबाई छात्रावास में दीक्षोत्सव-2026 के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत आयोजित माँ-बेटी सम्मेलन कार्यक्रम श्रृंखला के तहत छात्राओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर विश्वविद्यालय के महिला अध्ययन केंद्र, स्वामी कल्याण देव चिकित्सालय तथा लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य परीक्षण रिपोर्टों के आधार पर छात्राओं में हीमोग्लोबिन कैल्शियम की कमी, थायरॉयड संबंधी समस्याओं तथा बढ़ते कोलेस्ट्रॉल स्तर जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने छात्रावास के मेस में पौष्टिक एवं संतुलित आहार को शामिल करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए, ताकि छात्राओं के स्वास्थ्य में सकारात्मक सुधार लाया जा सके।
शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया तथा विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण कराए। जांचों में थायरॉयड परीक्षण, लिपिड प्रोफाइल, रक्त शर्करा (ब्लड शुगर), बोन मिनरल डेंसिटी सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण शामिल रहे। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने छात्राओं को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया।
इस स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में महिला अध्ययन केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा, एवं डॉ. वैशाली पाटिल, डॉ. प्रमोद कुमार बंसल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. सरू कुमारी, डॉ. दिव्या शर्मा, रीता रानी, इंदु वर्मा, वैशाली तथा दीपिका भी उपस्थित रहीं और उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।


No comments:
Post a Comment