मेरठ कॉलेज में इग्नू की जून 2026 परीक्षाओं का शुभारंभ
40 देशों में एक साथ चल रही परीक्षा प्रक्रिया में एनसीआर के 7000 छात्र होंगे शामिल
मेरठ। मेरठ कॉलेज के ऐतिहासिक परिसर में स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की जून 2026 सत्रांत परीक्षाओं का मुख्य रूप से मंगलवार को शुभारंभ हो गया। यह परीक्षाएँ मेरठ कॉलेज के बी.एड. विभाग भवन में आयोजित की जा रही हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी।
इग्नू अध्ययन केंद्र, मेरठ कॉलेज के समन्वयक एवं परीक्षा केंद्र अधीक्षक प्रो चंद्रशेखर भारद्वाज ने बताया कि इस परीक्षा कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लगभग 7000 विद्यार्थी विभिन्न पाठ्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रो दयानंद द्विवेदी के नेतृत्व में एक विशेष संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें देवेंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार एवं डॉ. पंकज भारती एवं घनश्याम यादव को सदस्य बनाया गया है। इस कार्य में प्रो नीलम पंवार भी सहयोग प्रदान करेंगी।
प्रो. भारद्वाज ने बताया कि इग्नू का यह परीक्षा कार्यक्रम केवल भारत में ही नहीं, बल्कि विश्व के लगभग 40 देशों में एक समान रूप से संचालित किया जा रहा है। मेरठ कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र एवं परीक्षा केंद्र पिछले लगभग 35 वर्षों से सतत रूप से कार्यरत है और अपनी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, अनुशासन तथा परीक्षा प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा अर्जित कर चुका है। इस केंद्र के माध्यम से देश एवं विदेश, विशेषकर खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीय विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने कैरियर को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।
मेरठ कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर युद्धवीर सिंह ने परीक्षाओं के सफल संचालन हेतु विशेष व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन परीक्षार्थियों को सुरक्षित, शांत एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मेरठ कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. ओ.पी. अग्रवाल एवं सचिव विवेक कुमार ने प्रोफेसर चंद्रशेखर भारद्वाज तथा उनकी टीम को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इग्नू की परीक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए महाविद्यालय की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए निर्देश जारी किए गए हैं कि वे इग्नू अध्ययन केंद्र के समीप स्थित हॉस्टल गेट से महाविद्यालय परिसर में प्रवेश करें तथा बी.एड. विभाग के प्रवेश द्वार से परीक्षा भवन तक पहुँचें। इस संबंध में मेरठ कॉलेज के मुख्य द्वार, हॉस्टल गेट, इग्नू कार्यालय एवं बी.एड. विभाग के प्रवेश द्वार पर सूचना बैनर भी लगाए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि कल मेरठ कॉलेज के मुख्य परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार की अनेक परीक्षाएं हैं अतः मुख्य परिसर पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
इग्नू के समस्त परीक्षार्थी इग्नू कार्यालय के पास से बी एड विभाग में प्रवेश करेंगे जो की मुख्य परिसर से बिल्कुल ही अलग है। अतः इग्नू के सभी परीक्षार्थी मेरठ कॉलेज के मुख्य द्वार पर प्रवेश न करें।


No comments:
Post a Comment