हापुड़ में उद्योगपति के घर 2 करोड़ की डकैती
पोते की कनपटी पर तमंचा रखकर घर में घुसे बदमाश
- एक किलो सोना और नकदी लूट ले गए
हापुड़।हापुड़ के प्रसिद्ध उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल के पोते की कनपटी पर तमंचा रखकर हथियार बंद बदमाशों ने दो करोड़ रुपए फिरौती मांगी। उद्योगपति ने जब मना किया तो घर में रखे एक किलो सोने के गहने और लाखों रुपए की नकदी लूट लिया।
डकैती की यह वारदात बीती देर रात की है। सुबह डीआईजी, एसपी मौके पर पहुंचे। हापुड़ देहात थाने के गढ़ रोड निवासी नरेंद्र अग्रवाल (80) का रियल स्टेट का लकड़ी का कारोबार है। वे एटीएमएस कॉलेज के संस्थापक भी हैं।
जानकारी के मुताबिक उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल अपनी पत्नी सुशीला और नौकर के साथ घर पर मौजूद थे। नरेंद्र के पोते सिद्धांत (17) अपने एक दोस्त के यहां गया था। वहां से रात करीब देर रात करीब 11:45 बजे घर लौट। जैसे ही सिद्धांत घर के अंदर दाखिल हुए, उनके पीछे-पीछे चार हथियारबंद बदमाश भी घर में घुस आए। इस पर सिद्धांत ने विरोध जताया। बदमाशों से उसकी हाथापाई भी हुई।
बदमाशों ने उसकी कनपटी पर तमंचा रख दिया। इसके बाद घर के चौकीदार श्याम को गन पॉइंट पर साथ लेकर घर की पहली मंजिल पर गए। जहां दादी सुशीला को गन पॉइंट पर ले लिया। दादा नरेंद्र कबाड़ी बाथरूम में थे। वह बाथरूम से बाहर आए, तो बदमाश उन्हें एक कमरे में ले गए।
पहले बदमाशों ने नरेंद्र अग्रवाल से दो करोड़ कैश मांगे। उन्होंने इतना कैश घर में होने से इनकार कर दिया।
बदमाशों ने घर में मौजूद चादरों को फाड़कर परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए। सभी को एक कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद लगभग एक घंटे तक बदमाशों ने घर में तलाशी ली। उन्होंने अलमारियों, लॉकरों और अन्य स्थानों से लाखों रुपये की नकदी और एक किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण लूट लिए।
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
बता दें कि नरेंद्र अग्रवाल हापुड़ जिले के बड़े उद्योगपति हैं। उन्हें नरेंद्र कबाड़ी के नाम से भी जानते हैं। परिवार का रियल स्टेट के अलावा लकड़ी का बड़ा बिजनेस है। नरेंद्र दिल्ली रोड स्थित एटीएमएस कॉलेज के संस्थापक हैं। घटना के समय नरेंद्र के बेटे और बहू घर पर नहीं थे। वे दिल्ली में थे। पोता सिद्धांत अग्रवाल 12वीं छात्र है।
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


No comments:
Post a Comment