शहर के 15 केंद्रो पर री-नीट एग्जाम होगा

8,665 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, दोपहर 2 बजे से शुरू होगी परीक्षा

 मेरठ। शहर  में री-नीट यूजी परीक्षा 15 परीक्षा केंद्रों पर आज आयोजित होगी। परीक्षा में 8,665 अभ्यर्थी शामिल हों रहे है । परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में एंट्री नहीं मिलेगी।

एनटीए के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को नया डाउनलोड किया गया री-नीट एडमिट कार्ड और किसी वैध सरकारी फोटो पहचान पत्र की मूल प्रति साथ लानी होगी। पुराना एडमिट कार्ड मान्य नहीं रहेगा। आवेदन पत्र में अपलोड किए गए फोटो के समान एक पासपोर्ट साइज फोटो भी साथ रखना होगा।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी जरूरी दस्तावेज पारदर्शी प्लास्टिक पाउच में रखने की सलाह दी गई है। ड्रेस कोड का भी सख्ती से पालन कराया जाएगा। परीक्षार्थियों को हल्के रंग की आधी बाजू की शर्ट पहननी होगी। बड़े बटन, ज्यादा जेबों वाले कपड़े, भारी कढ़ाई वाले परिधान और मोटे तलवे वाले जूते-बूट पहनने की अनुमति नहीं होगी। केवल चप्पल या कम हील वाली खुली सैंडल पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा।

परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कड़ी चेकिंग और दस्तावेजों की जांच की जाएगी। चेकिंग पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पहुंचने और सभी नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा।

परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, आभूषण, धातु की वस्तुएं, पर्स, हैंडबैग और खाद्य सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि अभ्यर्थी पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकेंगे। डायबिटीज से पीड़ित अभ्यर्थियों को चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार शुगर टैबलेट और केला, सेब या संतरा जैसे फल ले जाने की अनुमति रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts