पत्रकार वार्ता में गरजे कांग्रेस नेता पूर्व विधायक गजराज सिंह
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप!
मेरठ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों की संपत्तियों की जांच कराए जाने की मांग को लेकर ज़िला कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई।
इस क्रम में मेरठ मंडल की प्रेसवार्ता को वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक गजराज सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली, जनहित के मुद्दों और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से अपनी बात रखी।
पूर्व विधायक गजराज सिंह ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार पूरी तरह भ्रष्ट है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता अक्सर यह कहते हैं कि “70 साल में देश को बेच दिया गया”, जबकि आज की स्थिति में उनके अनुसार भाजपा सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने बीते वर्षों में बड़े पैमाने पर संपत्तियां अर्जित की हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि नेताओं के “महलनुमा कार्यालयों” के लिए धन कहां से आया और उनके अनुसार इस पर जांच होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की जांच एजेंसियों का उपयोग विपक्षी दलों के खिलाफ किया जा रहा है और अन्य राज्यों में राजनीतिक दबाव की स्थिति रहती है। साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा और बढ़ते अपराधों को लेकर भी चिंता जताई।
ज़िला अध्यक्ष गौरव भाटी ने कहा कि कांग्रेस पहले भी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दों पर प्रदर्शन करती रही है। उन्होंने नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दे को भी उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी मीडिया की है कि वह जनता तक इन मुद्दों को पहुंचाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की संपत्तियों में तेजी से वृद्धि हुई है और इसकी जांच होनी चाहिए।
महानगर अध्यक्ष रंजन शर्मा ने कहा कि जिले में भाजपा के कई जनप्रतिनिधियों की आय में भारी वृद्धि हुई है। उन्होंने कुछ नामों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने भ्रष्टाचार और उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के अलावा कोई कार्य नहीं किया।द सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।इस मौके पर अनिरुद्ध त्यागी, सय्यद आमिर रज़ा, उदयवीर त्यागी, योगी जाटव, राकेश कुशवाह, अमित नागर, सुनीता मंडल, सुशीला कोहली, नसीम सैफी, अरुण कौशिक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment