दोस्तों ने दोस्ती में किया दगा 

 फास्ट फूड विक्रेता की हत्या का खुलासा, तीन 'जिगरी' दोस्त ही निकले कातिल

बागपत। जिले के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मितली गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब ट्यूबवेल के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान मूलचंद उर्फ सोनू (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई, जो फास्ट फूड की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।

शुरुआत में मामला सामान्य हत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच सामने आया उसने सभी को चौंका दिया। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक के ही तीन जिगरी दोस्त विशाल, दीपक और रिंकू ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। जब मूलचंद को इस बात का शक होने लगा, तो तीनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

घटना की रात आरोपियों ने उसे शराब पार्टी के बहाने ट्यूबवेल पर बुलाया। वहां देर रात तक शराब पीने के बाद मूलचंद नशे में पूरी तरह धुत हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने पास पड़ी ईंट से उसके सिर पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह ग्रामीणों को शव मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी सूरज राय के निर्देशन में सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और स्थानीय पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली है।

इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश और सनसनी फैल गई है। लोग दोस्ती के नाम पर हुई इस क्रूर वारदात को लेकर हैरान हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts