गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन अवसर पर मेरठ में भव्य कार्यक्रम का होगा आयोजन
सजीव प्रसारण की व्यापक तैयारी, जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, दिए निर्देश
मेरठ। आज प्रधानमंत्री द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के अवसर पर जनपद मेरठ में बिजौली इंटरचेंज (हापुड़ रोड) पर भव्य जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा । डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर समस्त तैयारी का निरीक्षण किया! इस अवसर पर कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा, जिसे आम जनमानस को दिखाने हेतु व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशन में कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु समस्त विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर उन्हें स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल एवं सुसज्जित पंडाल का निर्माण कराया गया है, जिसमें जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के लिए समुचित बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन की सुविधा के दृष्टिगत व्यापक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी की जाएगी।
आम नागरिकों के लिए सजीव प्रसारण की व्यवस्था बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से की गई है, जिससे वे उद्घाटन कार्यक्रम को सीधे देख सकें। इसके अतिरिक्त पेयजल, स्वच्छता, छाया, चिकित्सा सहायता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है।जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें, ताकि कार्यक्रम गरिमामय एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।


No comments:
Post a Comment