आवास विकास की कार्रवाई से अब हापुड़ रोड पर हड़कंप

- ग्रैंड स्क्वायर पर सीलिंग की कार्रवाई के बाद अन्य प्रतिष्ठान भी ज़द में!

- मैरिज हॉल संचालकों की भी टेंशन बढ़ी

मेरठ। सेंट्रल मार्केट प्रकरण के बाद आवास विकास द्वारा हापुड़ रोड पर ग्रैंड स्क्वेयर पर अचानक की गई सीलिंग की कार्यवाही से यहां के अन्य प्रतिष्ठानों पर भी अब तलवार लटकती दिख रही है। इससे हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। 

इस मामले में क्षेत्रीय व्यापारियों ने आवास विकास के अधिकारियों पर दोगली नीति अपनाने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि विभागीय अधिकारी पहले तो अवैध निर्माण की छूट देते हैं और बाद में फिर सीलिंग के नाम पर उगाही करते हैं। पता चला है कि ग्रैंड स्क्वेयर के बाद हापुड़ रोड पर स्थित अन्य कॉम्प्लेक्स एवं मैरिज हॉल पर भी विभागीय अधिकारियों का डंडा चल सकता है। चर्चा है कि आवास एवं विकास परिषद द्वारा शास्त्री नगर योजना संख्या 7 के अंतर्गत सेक्टर 13 स्थित भूखंड संख्या 7/13 पर हुए निर्माण को भी आवास विकास द्वारा अवैध करार दे दिया गया है, जिसके चलते इस भूखंड पर निर्माण करने वालों को भी नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इनसे कहा गया है कि यह लोग नोटिस मिलने के 15 दिनों के अंदर अपने अवैध निर्माणों को हटा लें अन्यथा सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

 बता दें कि आरटीओ ऑफिस के इर्द गिर्द हापुड़ रोड पर कई मंडप भी हैं जिनकी शिकायत एक भाजपा नेता द्वारा आवास विकास अधिकारियों से की गई थी। इसी के बाद विभागीय अधिकारी हरकत में आए। सूत्रों के अनुसार विभागीय अधिकारियों द्वारा इस भूखंड पर हुए निर्माण को लेकर विभाग कई साल पहले ही नोटिस जारी कर चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां विभिन्न प्रतिष्ठानों का संचालन जारी है। आवास विकास द्वारा की जा रही सीलिंग की हालिया कार्यवाही से अब क्षेत्रीय व्यापारियों में हड़कंप की स्थिति है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts