बुलंदशहर बार एसोसिएशन विवाद
अध्यक्ष पर गंभीर आरोप, फर्जी मुकदमे और चैंबर विवाद को लेकर जांच की मांग
मेरठ। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन बुलंदशहर के वर्तमान अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह राघव एडवोकेट पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में एक शिकायत मेरठ एसएसपी को भेजी गई है, जिसमें जातिगत द्वेष, पद के कथित दुरुपयोग और फर्जी मुकदमा दर्ज कराने जैसे आरोप शामिल हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनके भाई पवन कुमार निम एडवोकेट, जो पूर्व में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के महासचिव रह चुके हैं, के खिलाफ बार काउंसिल से जुड़े विवादों की रंजिश के चलते झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया और उन्हें जेल भेजा गया।
शिकायत में कचहरी परिसर में चैंबर को लेकर हुए विवाद का भी उल्लेख किया गया है। आरोप है कि चैंबर का ताला तोड़ा गया, नाम मिटाया गया और कब्जे को लेकर तनाव पैदा हुआ। इसी दौरान मारपीट और फायरिंग की घटना होने का दावा किया गया है, जबकि शिकायतकर्ता पक्ष का कहना है कि बाद में मामले को गलत तरीके से पेश किया गया।
आरोप यह भी लगाया गया है कि एक व्यक्ति को पैर में गोली लगने की घटना को लेकर फर्जी कहानी बनाई गई, जबकि मौके पर न तो खून के स्पष्ट निशान मिले और न ही खाली कारतूस बरामद हुए। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक जांच के जरिए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।शिकायत में यह भी कहा गया है कि पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायत दी गई थी और जांच का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि एक पुलिस चौकी पर बुलाकर संबंधित व्यक्ति का मोबाइल बंद कर दिया गया और बाद में उसे गायब दिखाया गया, जिससे मामले को और गंभीर बताया गया है।प्रार्थी ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, ताकि निष्पक्ष रूप से सच्चाई सामने आ सके। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की गई है।


No comments:
Post a Comment