कमिश्नरी चौराहे पर महिला टीचर से छेड़छाड़, गिरफ्तार
-आरोपी को पुलिस के सामने टीचर के भाई ने जमकर पीटा
आरोपी कई दिनों से कर रहा था परेशान
मेरठ। स्कूल से घर जा रही महिला टीचर के साथ आरोपी युवक ने बेखौफ होकर छेड़खानी की। पुलिस के सामने टीचर के भाई ने आरोपी की पिटाई कर दी। टीचर की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अगवानपुर गांव निवासी गौरव काफी दिनों से महिला टीचर का पीछा कर रहा था और लगातार फब्तियां कस रहा था। इतना ही नहीं आरोपी जबरन टीचर का नाम भी पूछ रहा था। शनिवार को महिला टीचर पैदल अपने घर जा रहीं थी। इसी दौरान कमिश्नरी चौराहे पर आरोपी ने फिर से महिला टीचर के साथ छेड़खानी की। घबरा कर टीचर ने कमिश्नरी चौराहे तैनात पुलिसकर्मियों को मामले की जानकारी दी। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और दौड़ कर आरोपी को डीएफओ ऑफिस के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगी। इसी बीच टीचर का भाई भी बाइक से मौके पर पहुंच गया। बहन के साथ हुई छेड़छाड़ की जानकारी मिलते ही वह आक्रोशित हो गया और पुलिसकर्मियों के सामने ही उसने आरोपी को कई थप्पड़ जड़ दिए। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। बाद में पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाला और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। आरोपी के दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने जब यह घटना की उस समय चौराहे पर आम आदमी पार्टी की सभा चल रही थी और काफी संख्या में पुलिस बल तैनात था। उधर, सिविल लाइंस पुलिस ने बताया, टीचर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया।


No comments:
Post a Comment