कलयुगी पिता ने सौतेली मां संग मिलकर नाबालिग बेटी की हत्या

अंतिम संस्कार के बाद खुलासा,दो गिरफ्तार 

मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के जागृति विहार इलाके में नाबालिग किशोरी खुशबू शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब हत्या के गंभीर आरोपों तक पहुंच गया है। मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और थाना भावनपुर में प्रार्थना पत्र देकर खुशबू के पिता कपिल शर्मा, सौतेली मां पिंकी शर्मा समेत अन्य पर हत्या करने और सबूत मिटाने का आरोप लगाया है।

हापुड़ निवासी भूपेंद्र शर्मा ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उनकी बहन प्रीति शर्मा की शादी वर्ष 2009 में जागृति विहार निवासी कपिल शर्मा से हुई थी। शादी के बाद प्रीति से दो बच्चे—खुशबू और राधे—हुए। आरोप है कि वर्ष 2017 में उनकी बहन की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय परिवार ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, बहन की मौत के लगभग छह महीने बाद कपिल शर्मा ने दूसरी शादी पिंकी शर्मा से कर ली। शुरुआत में खुशबू के साथ व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन सौतेली मां की बेटी पैदा होने के बाद खुशबू के साथ कथित तौर पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई।

भूपेंद्र शर्मा का आरोप है कि खुशबू कई बार फोन पर उन्हें और अन्य रिश्तेदारों को सौतेली मां और पिता द्वारा किए जा रहे अत्याचारों की जानकारी देती थी। उसने यह भी आशंका जताई थी कि उसके पिता और सौतेली मां कभी भी उसकी हत्या कर सकते हैं। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि उनके पास खुशबू द्वारा बताई गई प्रताड़ना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद हैं।

परिजनों के अनुसार, 26 मई 2026 को उन्हें पड़ोस की एक महिला प्रेमलता से फोन पर सूचना मिली कि खुशबू की हत्या कर दी गई है और उसका अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार के लोग बृजघाट गए हैं। सूचना मिलने पर जब परिवार जागृति विहार स्थित घर पहुंचा तो वहां मौजूद महिलाओं ने बताया कि खुशबू की पेट दर्द के कारण मौत हुई है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि खुशबू को किसी अस्पताल में उपचार के लिए नहीं ले जाया गया और न ही पुलिस को सूचना दी गई। इसके बजाय परिवार ने चुपचाप उसका अंतिम संस्कार कर दिया। भूपेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि खुशबू की हत्या कर सबूत मिटाने की कोशिश की गई है।प्रार्थना पत्र में कपिल शर्मा, सौतेली मां पिंकी शर्मा, भाई अमित और पिता जगमोहन समेत अन्य पर हत्या और सबूत नष्ट करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले के सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी का माहौल है और लोग बच्ची को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts