यूपी विधान परिषद चुनाव 2026

 मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने  श्रीचंद शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया

 भाजपा ने स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए घोषित किए 5 उम्मीदवार

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उम्मीदवारों के नामों पर लगाई अंतिम मुहर; लखनऊ, आगरा, बरेली-मुरादाबाद और मेरठ के दिग्गजों को मिला टिकट

नई दिल्ली/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधान परिषद (MLC Election 2026) के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय से भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह द्वारा जारी की गई आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तर प्रदेश के पांच महत्वपूर्ण स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों के नामों पर अपनी अंतिम स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस सूची में पार्टी के कई वरिष्ठ और जमीनी दिग्गजों पर एक बार फिर भरोसा जताया गया है।

भाजपा द्वारा जारी की गई आधिकारिक सूची के अनुसार, विभिन्न क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नाम इस प्रकार हैं:

लखनऊ स्नातक: इस महत्वपूर्ण सीट से भाजपा ने अवनीश कुमार सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

आगरा स्नातक : आगरा स्नातक सीट से पार्टी ने डॉ० मानवेंद्र प्रताप सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें चुनावी मैदान में उतारा है।

बरेली - मुरादाबाद शिक्षक : इस शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ० हरि सिंह ढिल्लों भाजपा के प्रत्याशी होंगे।

लखनऊ शिक्षक (Lucknow Teachers): लखनऊ शिक्षक सीट से पार्टी ने उमेश द्विवेदी को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है।

मेरठ शिक्षक: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बेहद हॉट सीट माने जाने वाले मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा ने  श्रीचंद शर्मा को अपना प्रत्याशी बनाया है।

केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद लगी मुहर, चुनावी सरगर्मियां तेज

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इन नामों को लेकर लखनऊ से लेकर दिल्ली तक मैराथन बैठकों का दौर चला था, जिसके बाद जातिगत समीकरणों, क्षेत्र में पकड़ और संगठन के प्रति निष्ठा को देखते हुए केंद्रीय चुनाव समिति ने इन पांचों नामों को हरी झंडी दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षरित पत्र के सार्वजनिक होते ही उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों और विशेषकर शिक्षक व स्नातक वर्ग के मतदाताओं के बीच चुनावी सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं।

सभी घोषित उम्मीदवार जल्द ही अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इस घोषणा के बाद विपक्षी दलों (सपा और कांग्रेस) के खेमे में भी अपने प्रत्याशियों को लेकर मंथन तेज हो गया है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts