पुलिसकर्मियों का दुस्साहसिक तांडव

 घर में घुसकर युवती को लोहे की रॉड से पीटा; आंख घायल; SSP से जांच की मांग

मेरठ। रोहटा रोड स्थित जवाहर नगर क्षेत्र से सामने आया एक मामला पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि कथित पुलिसकर्मियों ने एक घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट की, जिससे उसकी एक आंख बुरी तरह घायल हो गई। परिजनों का कहना है कि चोट इतनी गंभीर है कि पीड़िता की आंख की रोशनी जाने का खतरा भी बन गया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि देर रात कुछ लोग, जिनके बारे में दावा किया जा रहा है कि वे पुलिसकर्मी थे, बेसबॉल डंडे और लोहे की रॉड लेकर घर में घुसे और हमला कर दिया। इस हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घर में मौजूद अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई और माहौल में दहशत फैल गई।

परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी अब तक न तो निष्पक्ष मेडिकल जांच कराई गई है और न ही मामले में पारदर्शी कार्रवाई की गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल संचालक और उनके पति को बार-बार थाने बुलाकर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे परिवार मानसिक रूप से परेशान है।

पीड़ित पक्ष ने मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि जब तक निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद अधूरी रहेगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता को न्याय दिलाने की अपील की है। कहा है कि यदि रक्षक ही भक्षक बन जाएं, तो न्याय की उम्मीद केवल निष्पक्ष और पारदर्शी जांच से ही बची रह जाती है।

No comments:

Post a Comment

Popular Posts