शादी अनुदान योजना को लेकर डीएम की बैठक
पात्र लाभार्थियों को समय पर लाभ देने के निर्देश
मेरठ। जिले में कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के गरीब परिवारों की पुत्रियों की शादी हेतु अनुदान योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश राय द्वारा जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक पिछड़ा वर्ग को छोड़कर) के गरीब परिवारों की पुत्रियों की शादी हेतु 396 लाभार्थियों को अनुदान देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थी विभागीय वेबसाइट shadianudan.upsdc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत वे परिवार पात्र होंगे जो ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन कर रहे हैं तथा उत्तर प्रदेश शासन द्वारा अधिसूचित पिछड़ी जातियों से संबंधित हैं। योजना के तहत एक परिवार अधिकतम दो पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान प्राप्त कर सकता है।
बैठक में यह भी बताया गया कि आवेदन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत आवेदक को अपना और अपनी पुत्री का आधार सत्यापन करना होगा, जिसके बाद ओटीपी के माध्यम से जानकारी स्वतः पोर्टल पर दर्ज हो जाएगी। आय और जाति प्रमाण पत्र का सत्यापन भी ई-डिस्ट्रिक्ट सर्वर के माध्यम से स्वतः हो जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उप जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के भी निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment