ईदगाह के लिए 112 ड्यूटी पॉइंट तैयार, आरएएफ संभालेगी रस्सा
कल ईदगाह में अदा होगी ईद उल अजहा की नमाज
मेरठ। पुलिस ने ईदगाह दिल्ली रोड पर होने वाली ईद की नमाज को लेकर फूलप्रूफ सुरक्षा प्लान तैयार किया है। कुल 112 ड्यूटी पॉइंट तैयार किए गए हैं जहां भारी पुलिस फोर्स लगाया गया है। 500 पुलिसकर्मियों के अलावा आरएएफ को भी ईदगाह पर तैनात किया गया है। सड़क पर नमाज ना पढ़ी जाए इसको लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
गुरुवार को ईद की नमाज पढ़ी जाएगी। शहर की बात की जाए तो यहां 347 मस्जिदे और 29 ईदगाह है जहां नमाज पढ़ी जानी है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ईद की नमाज को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की विपरीत स्थिति को संभाला जा सके। ईद की नमाज को लेकर कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। हर स्थिति को ध्यान में रखकर व्यवस्था तैयार की गई है। यह पहला मौका है, जब फ्लाइंग स्क्वायड भी तैयार किया जा रहा है। यह फ्लाइंग स्क्वायड सूचना मिलते ही एक्टिव हो जाएगा। यह फ्लाइंग स्क्वाड पुलिस जीप के अलावा बैको पर भी दिखाई देगा। इसे मुख्य तौर पर स्टंटबाजों से निपटने के लिए बनाया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों के बाद पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुड़ गया है कि किसी भी दिशा में सड़क पर नमाज ना पढ़ी जाए। इसके लिए ईदगाह के भीतर कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है। इस कंट्रोल रूम से न केवल कैमरे बल्कि अनाउंसमेंट सिस्टम भी अटैच रहेगा।
ईदगाह का मैदान भरने के बाद नमाजी सड़क पर बैठने का प्रयास करते हैं। पुलिस को इसे रोकना होगा। इसके लिए अनाउंसमेंट चलता रहेगा। कंट्रोल रूम में ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ईदगाह के अंदर के सीटिंग अरेंजमेंट पर नजर रखेंगे। जैसे ही मैदान भरने वाला होगा, वह अनाउंसमेंट करेंगे। इसके बाद ड्यूटी पर मौजूद पुलिस और प्रशासनिक अफसर नमाजियों को दूसरी मस्जिदों के लिए डायवर्ट कर देंगे।
ईदगाह वाली रोड पर फोकस है। यहां लगभग तीन सौ कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के अलावा आरएएफ भी तैनात रहेगी। ईदगाह के आसपास जितने भी रास्ते हैं, सभी पर भारी पुलिस बल तैनात होगा। रेलवे रोड चौराहे की जिम्मेदारी रैपिड एक्शन फोर्स के हाथों में रहेगी। रैपिड एक्शन फोर्स ही मोटे रस्से की मदद से भीड़ को ईदगाह की तरफ जाने से रोकेगी।
इस तरह तैयार हुई ईदगाह की व्यवस्था
- ईदगाह को चार सेक्टर में बांटा गया है।
-11 सब सेक्टर तैयार किए गए हैं। - कुल 112 ड्यूटी स्थान बनाए गए हैं।
- 60 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरा लगाए गए हैं।
- ईदगाह कमेटी के वालंटियर भी लगाए गए हैं।
- छतों से भी पुलिस निगरानी करेगी।
ईदगाह पर यह फोर्स रहेगा तैनात
पुलिस क्षेत्राधिकार : 04
थाना प्रभारी निरीक्षक : 04
इंस्पेक्टर/ एसएसआई : 25
सब इंस्पेक्टर : 80
लेडी सब इंस्पेक्टर : 15
कांस्टेबल/हेड कांस्टेबल : 250
लेडी कांस्टेबल/ हेड कांस्टेबल : 80
रैपिड एक्शन फोर्स : 2 कंपनी
शहर की ईदगाह/मस्जिदों में नमाज का समय
- अख्तर मस्जिद - 5:50 बजे
- खैर नगर पत्थर वाली मस्जिद - 6:00 बजे
- हुमायूं नगर मदरसे वाली मस्जिद - 6:15 बजे
- बनियापाड़ा फ़तेह मस्जिद - 6:30 बजे
- शाही ईदगाह दिल्ली रोड - 7:00 बजे
- हौज वाली मस्जिद खैर नगर - 7:15 बजे
- शाहनत्थन मस्जिद - 7:15 बजे –
लालकुर्ती भय्या जी वाली मस्जिद - 7:15 बजे
- नूर मस्जिद गोला कुंआ - 7:15 बजे
- मोबीन मस्जिद विकासपुरी - 7:15 बजे
- छप्पर वाली मस्जिद ऊंचा सिद्दीक नगर - 7:15 बजे


No comments:
Post a Comment