फतेहपुर में हिस्ट्रीशीटर की पीट-पीटकर कर हत्या
8 लोगों ने लाठी-डंडे से पीटा; गिड़गिड़ाते रहे मां-पिता पर भी हमला किया
फतेहपुर। फतेहपुर के हुसेनगंज थाने क्षेत्र में 32 साल के हिस्ट्रीशीटर की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका वीडियो सामने आया है। इसमें 8 लोग लाठी-डंडों से हिस्ट्रीशीटर अभिमन्यु उर्फ कुन्नू यादव को पीटते दिख रहे हैं। मां और पिता उसे बचाने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपियों के सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक भी नहीं सुनी। बल्कि उन्हें भी पीटा।आरोपी हिस्ट्रीशीटर को मरा समझकर छोड़कर भाग गए। हिस्ट्रीशीटर की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हमले में हिस्ट्रीशीटर के मां-पिता भी घायल हो गए। पूरी वारदात शुक्रवार को शहर से 10 किमी दूर हुसेनगंज थाने क्षेत्र में हुई थी। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंपा। देर शाम हिस्ट्रीशीटर का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि हिस्ट्रीशीटर का गांव के ही गैंगस्टर कमलेश यादव से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच वर्चस्व को लेकर पहले भी कई बार झड़पें हो चुकी थीं। इसी रंजिश में कमलेश यादव ने अपने घरवालों के साथ वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कमलेश यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
घर के बाहर बैठा था हिस्ट्रीशीटर, लाठी-डंडों से पीटा
अभिमन्यु हुसेनगंज थाने के पूरे रहिमाल मजरे जमरावां गांव का रहने वाला था। शुक्रवार सुबह 10 बजे वह घर के दरवाजे पर बैठा था। तभी कमलेश यादव अपने घरवालों के साथ लाठी-डंडे लेकर आया। उन्हें देखकर अभिमन्यु भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उन्होंने उसे पकड़ लिया।उसे लात-घूंसों और डंडों से पीटने लगे। खून से लथपथ अभिमन्यु ने शोर मचाया तो उसके पिता मान सिंह यादव और मां ननकी देवी बचाने के लिए दौड़कर पहुंचीं। बेटे को बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटा और धमकी देते हुए आरोपी निकल गए।
घायलों को परिजन जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान अभिमन्यु की मौत हो गई। चाचा ज्ञान सिंह यादव ने आरोप लगाते हुए बताया कि गांव के कमलेश यादव, मनीष और सचिन ने पुरानी रंजिश के चलते भतीजे अभिमन्यु को पीट-पीटकर मार डाला।
हिस्ट्रीशीटर पर 20 से 25 मुकदमे दर्ज थे, मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी
एसपी अभिन्यु मांगलिक ने शुरुआती जांच में बताया कि कुन्नू यादव थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ 20 से 25 मुकदमे दर्ज थे। उसके भाई और पिता पर भी मुकदमे दर्ज हैं। कुन्नू यादव की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। इसे लेकर थाने से परिवार को नोटिस भेजा गया था। नोटिस में कहा गया था कि आपके बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
वह आए दिन झगड़ा करता है, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने का खतरा बना रहता है। उसे मानसिक अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी गई थी। वारदात से एक दिन पहले गुरुवार को कुन्नू यादव का आरोपियों से विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। हत्या का वीडियो सामने आया है। इसके आधार पर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


No comments:
Post a Comment