यूपीपीएससी असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न
मिसेज यूनिवर्स शेरी सिंह पर सवाल परीक्षा में पूछा गया
दूर दराज के परीक्षा केंद्रों से अभ्यर्थियों को हुई असुविधा
ग्रीन हाउस के लिए कौन सी गैस जिम्मेदार है
मेरठ। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज की ओर से आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर (सहायक आचार्य राजकीय महाविद्यालय प्रारंभिक) परीक्षा-2025 रविवार को कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। सामान्य अध्ययन व शिक्षा शास्त्र विषय में परीक्षा में कई चर्चित मुद्दों एवं घटनाओं को लेकर सवाल पूछे गए। इनमें मिसेज यूनिवर्स का ताज जीतने वाली प्रथम भारतीय महिला है? इसका सही उत्तर शेरी सिंह रहा। विकल्प के रूप में शेरी सिंह, जीविका झा, सुमोना चटर्जी, प्रोमिला रानी के नाम दिए गए थे। यह परीक्षा एक पाली में संपन्न हुई। सहायक आचार्य परीक्षा के लिए जिले में कुल 27 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा का समय सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक रखा गया था। प्रथम पाली में शिक्षा शास्त्र समेत विभिन्न विषयों की परीक्षा हुई।
परीक्षा में आए 120 सवाल
सुबह की पाली में रविवार को सामान्य अध्ययन एवं शिक्षा शास्त्र विषय की परीक्षा हुई। सहायक आचार्य परीक्षा में 30 सवाल सामान्य अध्ययन एवं 90 सवाल शिक्षा शास्त्र विषय के पूछे गए। सामान्य अध्ययन भाग में कई चर्चित विषयों पर सवाल थे, जिनमें ग्रीन हाउस के लिए कौन सी गैस जिम्मेदार है। इसका सही जवाब कार्बन डाइआक्साइड रहा। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प दिए गए थे।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री कौन थे। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का पहला अधिवेशन कब और कहां हुआ था, इसमें कितने प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। राज्यसभा में कितने सदस्य मनोनीत होते हैं। भगत सिंह किस संस्था के संस्थापक सचिव थे। विश्व के किस क्षेत्र में सर्वाधिक ज्वालामुखी पाए जाते हैं। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानकजी का जन्म कब और कहां हुआ था।
शिक्षा शास्त्र में यह सवाल पूछे गए
शिक्षा शास्त्र विषय में यह सवाल पूछे गए। इनमें सीबीसीएस का पूरा नाम क्या है। फैयोल के प्रशासनिक उपागम में कितने तत्व होते हैं। किस आयोग या समिति ने शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों की संख्या और मानव शक्ति की आवश्यकता में संतुलन पर बल दिया है। इसी तरह के कई अन्य सवाल और पूछे गए थे। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुई व अभ्यर्थियों को सघन तलाशी के बाद केंदों पर प्रवेश दिया गया।
दूर से आने में हुई परेशानी
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ से परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि परीक्षा में नेगेटिव मार्किंग के चलते कुछ सवाल छोड़ने भी पड़े। परीक्षा केंद्र काफी दूर बनाने के कारण बेहद परेशानी हुई। इस परीक्षा केंद्र पर प्रयागराज, एटा, लखनऊ अमरोहा व अन्य जिलों से अभ्यर्थी आए हुए थे। उनका कहना था कि कम से कम महिला अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र अपने जिले अथवा मंडल में ही बनाए जाने चाहिए थे।


No comments:
Post a Comment