हरिद्वार जा रही महिला को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मौके पर मौत
मेरठ। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र की एक महिला की मौत हो गई। दौराला थाना क्षेत्र में स्थित जितेंद्र ढाबे के पास हुए इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
महाराष्ट्र निवासी केरूबाई एक टूरिस्ट बस से हरिद्वार जा रही थीं। यात्रा के दौरान बस दिल्ली-देहरादून हाईवे स्थित जितेंद्र ढाबे के पास रुकी। इसी दौरान केरूबाई बस से उतरकर सड़क पार करने लगीं। तभी तेज रफ्तार से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दौराला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत फरार हो गया। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न मार्गों पर लगे कैमरों की मदद से वाहन की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


No comments:
Post a Comment